रौब झाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी
रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी समेत पूरे जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने थाना क्षेत्रों के पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए पुलिस पर रौब झाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
एसएसपी के निर्देशन तथा एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर, मुखानी एवं कालाढूंगी क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस द्वारा सुबह से ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील यातायात प्वाइंटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम लगातार यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने में जुटी हुई है।
इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। वाहनों में काली फिल्म, अवैध और भ्रामक नंबर प्लेट तथा नियम विरुद्ध संशोधन कर रौब झाड़ने वालों पर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
चेकिंग अभियान के दौरान 24BH4047A, UP14GQ9191 और UP14GV0008 नंबर की कारों में काली फिल्म पाए जाने पर प्रत्येक वाहन का ₹1000 का चालान किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले अथवा पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

