दो महिला तस्करों समेत तीन गिरफ्तार, पांच लाख से अधिक की स्मैक और गांजा बरामद

देहरादून। दून पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहसपुर, विकासनगर और पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो महिला नशा तस्करों समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य की 16.79 ग्राम स्मैक तथा 3 किलो 12 ग्राम गांजा बरामद किया है।
थाना सहसपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 13 सितंबर 2026 को कुरैशी मोहल्ला गली से महिला नशा तस्कर जैतून पत्नी स्वर्गीय इस्लाम, निवासी कुरैशी मोहल्ला बड़ा रामपुर, थाना सहसपुर, देहरादून को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से 10.79 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
अभियुक्ता जैतून के विरुद्ध थाना सहसपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार जैतून पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के कई अभियोग दर्ज हैं।
वहीं कोतवाली विकासनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हाईवे से कुंजा ग्रांट जाने वाली सड़क पर आम के बगीचे के पास से आशिक अली पुत्र तहसीन, निवासी कुंजा ग्रांट, विकासनगर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से 6 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है। अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने 14 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान सब्जी मंडी स्थित सुलभ शौचालय के पास पेड़ के नीचे खाली स्थान से महिला तस्कर सिमरन पत्नी सूरज साहनी को गिरफ्तार किया। अभियुक्ता के कब्जे से 3 किलो 12 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्ता सिमरन मूल रूप से ग्राम बेनीवाला, थाना गायघाट, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार की रहने वाली है और वर्तमान में ब्रह्मपुरी, पटेलनगर क्षेत्र में किराए पर रह रही थी। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है। उसके विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


