मसूरी के लंढौर और न्यू मार्केट के विकास के लिए व्यापारियों ने मंत्री गणेश जोशी से की गुहार, हेरिटेज बाजार और पार्किंग की योजना पर जोर
देहरादून।मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन और लंढौर विकास समिति, मसूरी के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्तराखंड सरकार के मंत्री गणेश जोशी को पत्र लिखकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। लंढौर बाजार, जो मसूरी का सबसे पुराना बाजार है, को हेरिटेज बाजार घोषित करने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपील की गई है। इसके साथ ही, नॉर्थ रोड पर मल्टी-लेवल पार्किंग निर्माण की मांग की गई है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पार्किंग की समस्या से निजात मिल सके।
न्यू मार्केट, कुलड़ी की जर्जर सड़क, उखड़ी कोबलिंग, बेवजह लगे बिजली के खंभे और सफाई की कमी को लेकर भी व्यापारियों ने मंत्री जी से हस्तक्षेप की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान से मसूरी का पर्यटन और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिलेगा। मंत्री गणेश जोशी से इन प्रस्तावों को जल्द से जल्द धरातल पर लाने की उम्मीद जताई जा रही है।
