ड्रग्स फ्री कैम्पस” अभियान के तहत दून पुलिस -प्रशासन व डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण, 16 छात्रों के लिए गए ब्लड सैंपल
देहरादून। “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” के मुख्यमंत्री विजन को साकार करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में दून पुलिस द्वारा जनपदभर में “ड्रग्स फ्री कैम्पस” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों को नशे की चपेट से मुक्त रखना और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
इसी क्रम में आज थाना सेलाकुई क्षेत्रांतर्गत पुलिस-प्रशासन व डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने दो निजी शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। पूर्व में छात्रों से ड्रग्स टेस्ट हेतु सहमति पत्र (कंसेंट फार्म/शपथ पत्र) भरवाए गए थे।
निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की टीम ने 16 छात्र-छात्राओं के ब्लड सैंपल लिए। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्रों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय भी बताए गए।
छात्रों को चेतावनी दी गई कि नशे के सेवन या उसकी तस्करी में लिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस ने बताया कि इस अभियान के तहत अन्य शिक्षण संस्थानों में भी इसी प्रकार औचक निरीक्षण किए जाने की तैयारी की जा रही है, जिससे कैंपस को पूरी तरह नशा-मुक्त बनाया जा सके।
