सफाई कर्मचारियों को अधिक लोन सुविधा देने की मांग, यूनियन ने यूनियन बैंक को सौंपा ज्ञापन
देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन की नगर निगम शाखा द्वारा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष एवं संरक्षक चौधरी नरेश वैध तथा नगर निगम यूनियन शाखा अध्यक्ष सोनू खैरवाल के नेतृत्व में दिया गया।
यूनियन ने मांग की कि नगर निगम के दैनिक वेतन एवं संविदा कर्मचारियों, जिनका मासिक वेतन 18 हजार से 24 हजार रुपये तक है, उन्हें बैंक द्वारा 3 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही स्थायी कर्मचारियों के पर्सनल लोन की अवधि 5 वर्ष से बढ़ाकर 7 वर्ष किए जाने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि स्थायी कर्मचारियों के लोन की जमानत के लिए पत्नी, पुत्र अथवा किसी सरकारी कर्मचारी को जमानती बनाए जाने की व्यवस्था की जाए।
इस दौरान यूनियन के शाखा उपाध्यक्ष विनोद कुमार, पप्पू, शुभम सौदेहे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

