व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल और सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल और सड़क परियोजनाओं को मंजूरी
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल एवं लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गई।

बैठक में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नीलकंठ महादेव मंदिर और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को मंजूरी दी गई। नीलकंठ महादेव में ₹5183.65 लाख और रामनगर में ₹3857.64 लाख की लागत से पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। मुख्य सचिव ने पार्किंग निर्माण में निर्धारित गाइडलाइंस के अनुपालन और प्रवेश-निकासी से जुड़े तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही नीलकंठ क्षेत्र में जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।

पेयजल विभाग के अंतर्गत तीन महत्वपूर्ण योजनाओं—पीपलकोटी नगर पंचायत (₹2438.32 लाख), तिलवाड़ा नगर पंचायत (₹3986.24 लाख) और ऊखीमठ नगर पंचायत (₹2578.52 लाख) की पेयजल परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। इसके अलावा लालकुआं नगर पंचायत की ₹37.95 लाख लागत की सीवर लाइन परियोजना को भी मंजूरी मिली। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटर लगाने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के प्रस्तावों के तहत काठगोदाम बाईपास मार्ग के अंतर्गत 3.5 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा 75 मीटर स्पान के सेतु निर्माण (₹1177.93 लाख) को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर एवं रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles