38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन, उत्तराखंड की खेल मेजबानी की देशभर में सराहना :अमित शाह
हल्द्वानी ।अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गोलापार में 38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन समारोह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने खेलों के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर गृह मंत्री ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले सर्विसेज, महाराष्ट्र और हरियाणा को सम्मानित किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के हर जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। 25वें स्थान से 7वें स्थान पर पहुंचकर राज्य ने खेलों में उल्लेखनीय प्रगति की है। गृह मंत्री ने राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले और पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
गृह मंत्री शाह ने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में उत्तराखंड की शानदार व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खेलों का सफल आयोजन किया। पूरे देश में उत्तराखंड की व्यवस्थाओं की सराहना हो रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण है।
इस आयोजन में इको-फ्रेंडली प्रथाओं को अपनाया गया। खिलाड़ियों के नाम पर पौधारोपण किया गया, और ई-वेस्ट से बने पदकों के साथ खेलों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाया गया। ट्रांसपोर्टेशन में ई-वाहनों का उपयोग किया गया और खेल किटें रिसाइकल्ड सामग्री से तैयार की गईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में उत्तराखंड को पहली बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अवसर मिला। इस आयोजन में 16,000 से अधिक एथलीट्स ने 35 खेल विधाओं में भाग लिया। उत्तराखंड ने इस आयोजन में 24 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 103 पदक जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इन खेलों से उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
गृह मंत्री शाह ने कहा कि भारत 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। 2014 में खेल बजट 800 करोड़ था, जो 2025-26 में बढ़कर 3800 करोड़ हो गया है। इससे भारत की वैश्विक खेल प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने कहा कि कम समय में भी उत्तराखंड ने बेहतरीन खेल आयोजन किया। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि उत्तराखंड अब खेलभूमि के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी संगठनों, खिलाड़ियों और वॉलंटियर्स की सराहना की।
अब राष्ट्रीय खेलों की मशाल उत्तराखंड से मेघालय जाएगी, जहां अगला संस्करण आयोजित किया जाएगा। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने नॉर्थ ईस्ट को खेलों में आगे ले जाने का संकल्प लिया।

