उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने शहीद स्मारकों के सौंदर्यीकरण की उठाई मांग, संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत से हुई वार्ता

देहरादून।उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल के नेतृत्व में सचिवालय में संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत से मुलाकात कर राज्य के शहीद स्मारकों के रखरखाव, विस्तार और सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप देहरादून स्थित शहीद स्मारक को मिनी राजघाट की तर्ज पर विकसित करने तथा अन्य जिलों में भी शहीद स्मारकों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई।
मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने शहीद स्मारक से अतिक्रमण हटाने, परिसर के सौंदर्यीकरण, जल निकासी व्यवस्था सुधारने तथा भवन को बारिश और सीलन से बचाने के लिए तीन शेड निर्माण की मांग रखी।
इस पर संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत ने आश्वासन दिया कि न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर निर्माण कार्य में प्रगति होने के बाद शहीद स्मारक का आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप विस्तार और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की अनुमति के बाद स्मारक के रखरखाव के लिए स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
बैठक में मंच ने मुजफ्फरनगर रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर परिवहन विभाग का स्थायी बस स्टॉप बनाने की भी मांग की, ताकि आमजन राज्य आंदोलन के इतिहास से परिचित हो सकें।
बैठक में सुभाष बड़थ्वाल, केशव उनियाल, राजीव तलवार, प्रदीप कुकरेती, संतन सिंह रावत, मोहन सिंह रावत, मोहन सिंह खत्री, सुरेश नेगी सहित अन्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।
