उत्तराखण्ड बनेगा फिल्म शूटिंग का ग्लोबल हब: मुख्यमंत्री
देहरादून।सीएम धामी ने कहा कि हाल ही में सरकार ने OTT प्लेटफॉर्म (जैसे नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम, सोनी लिव, जी, जियो सिनेमा) पर रिलीज होने वाली फिल्मों और वेब सीरीज को भी अनुदान देने का निर्णय लिया है। इससे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग के सहयोग से प्रदेश में नए शूटिंग स्थलों को चिन्हित कर उन्हें प्रमोट किया जा रहा है ताकि कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को भी फिल्मों के माध्यम से पहचान मिले। उन्होंने कहा कि नई फिल्म नीति-2024 के तहत सिंगल विंडो सिस्टम से शूटिंग अनुमतियां दी जा रही हैं, जिससे प्रक्रिया आसान और तेज हो गई है।
नई नीति के अनुसार:
- हिंदी और 8वीं अनुसूची की भाषाओं में बनी फिल्मों को राज्य में खर्च की गई राशि का 30% या अधिकतम ₹3 करोड़ तक का अनुदान।
- 50 करोड़ से अधिक बजट वाली और विदेशी फिल्मों को भी ₹3 करोड़ तक अनुदान।
- उत्तराखंड की क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों के लिए ₹2 करोड़ तक अनुदान।
सीएम धामी ने कहा कि अब तक 200 से अधिक फिल्मों की शूटिंग उत्तराखंड में हो चुकी है। फिल्म निर्माण से न केवल प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़े हैं, बल्कि पर्यटन को भी व्यापक बढ़ावा मिला है। उन्होंने फिल्म “मेरी प्यारी बोई” की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी क्षेत्रीय फिल्मों से उत्तराखंड की संस्कृति और भाषा को पहचान मिल रही है।
कार्यक्रम में देहरादून के महापौर श्री सौरभ थपलियाल, फिल्म की पूरी टीम और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

