सितारगंज तहसील में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप, संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक ₹14 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सितारगंज तहसील में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप, संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक ₹14 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Spread the love

ऊधमसिंहनगर ।जिले की सितारगंज तहसील में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि तहसील सितारगंज में तैनात संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा भूमि कुर्की आदेश समाप्त कर जमीन को बंधनमुक्त करने तथा शिकायतकर्ता की पत्नी के केसीसी लोन पर जारी आरसी की कार्रवाई समाप्त करने के एवज में ₹10,000 की रिश्वत मांग रहे थे। वहीं वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह ₹6,000 की मांग कर रहे थे।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। बुधवार, 29 जुलाई 2026 को विजिलेंस टीम ने तहसील सितारगंज कार्यालय में छापेमारी कर संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से ₹8,000 तथा वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा को ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि रिश्वत मांगने की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराई जा सकती है।

देवभूमि खबर

Related articles