हरिद्वार में जल संरक्षण को मिलेगी नई रफ्तार, 449.51 लाख की कार्ययोजना मंजूर

हरिद्वार में जल संरक्षण को मिलेगी नई रफ्तार, 449.51 लाख की कार्ययोजना मंजूर
Spread the love

हरिद्वार। राज्य सरकार के जल संरक्षण अभियान के तहत स्प्रिंग एवं रिवर रेजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (DLEC) की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी एवं SARRA के जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के उपाध्यक्ष डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न कार्ययोजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।

विकासखंड स्तर पर भगवानपुर ने 181.65 लाख रुपये, बहादराबाद ने 95.08 लाख, लक्सर ने 36.98 लाख, रुड़की ने 70.65 लाख और नारसन ने 65.15 लाख रुपये की कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं। कुल 449.51 लाख रुपये की इन योजनाओं में तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार, रिचार्ज पिट, वृक्षारोपण सहित जल संरक्षण के विभिन्न कार्य शामिल हैं।

लघु सिंचाई विभाग द्वारा भूजल संरक्षण के लिए 63 रिचार्ज शाफ्ट के निर्माण हेतु 331.15 लाख रुपये की योजना प्रस्तुत की गई। इसके अलावा 6 तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार के लिए 197.40 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई। समिति ने दोनों योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की कार्ययोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने ‘एक जनपद, एक नदी’ अभियान के तहत पथरी रौ से संबंधित कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और भूजल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि जल स्रोतों के संरक्षण के साथ भविष्य की जल आवश्यकताओं को भी सुरक्षित किया जा सके।

बैठक में सदस्य सचिव/नोडल अधिकारी (SARRA) एवं अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई खंड हरिद्वार भरत राम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles