अनुसूचित जाति बाहुल्य गांव एवं व्यक्तियों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ उन्हें अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो:पी.सी. गोरखा
रुद्रप्रयाग । केंद्र व राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से उन्हें उपलब्ध हो तथा जिस योजना एवं कार्य के लिए धनराशि निर्गत की जा रही है उसका उपयोग उन्हीं के हितों एवं विकास के लिए किया जाए, यह बात अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष पी.सी. गोरखा ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर एससीपी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों से कही।
विकास भवन सभागार में आयोजित एससीपी योजनाओं से संबंधित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने केंद्र, राज्य सरकार व जिला योजना के तहत अनुसूचित जाति बाहुल्य गांव एवं व्यक्तियों के लिए जो भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं उन योजनाओं का लाभ उन्हें अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो इस बात का सभी अधिकारी विशेष ध्यान रखते हुए गंभीरता से कार्य करें तथा जो धनराशि उनकी उन्नति एवं विकास के लिए निर्गत की जा रही है वह धनराशि उसी योजना में व्यय करते हुए उन्हें लाभान्वित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि किसी भी दशा में एससीपी के तहत जारी धनराशि का उपयोग किसी अन्य योजना में न किया जाए। उन्होंने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य है कि अनुसूचित जाति के व्यक्तियों का किसी भी प्रकार से किसी भी दशा में शोषण न हो तथा संविधान में प्राविधान किया गया है कि उनकी उन्नति एवं विकास के लिए जो भी धनराशि निर्गत की जा रही है उसका लाभ उनको अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो। बैठक में उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन विभागों में अनुसूचित जाति के पद रिक्त हैं उसमें उन्हीं लोगों को अनिवार्य रूप से भर्ती कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि उनके अधीन जो भी पद रिक्त हैं उनके लिए रोस्टर तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपाध्यक्ष द्वारा विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए उन योजनाओं से लाभान्वित किए व्यक्तियों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई इसमें उपस्थित अधिकारियों ने उनके अधीन अनुसूचित जाति लोगों के लिए संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें जिला विकास अधिकारी ने मा. उपाध्यक्ष को अवगत कराया है कि मनरेगा के तहत 2022 अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 706 व्यक्तियों को आवास उपलब्ध कराए गए। जल संस्थान एवं पेयजल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत जल निगम द्वारा 54 जल संस्थान द्वारा 24 अनुसूचित गांवों को पानी के कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उरेड़ा विभाग द्वारा तीन गांवों में सोलर लाइट लगाई गई तथा मत्स्य विभाग द्वारा 19 लोगों को लाभान्वित किया गया। इसके साथ डेयरी विभाग द्वारा 13 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा बाल विकास विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त 18 आंगनबाडि़यों में मरम्मत कार्य किया गया।
समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग ने जनपद में अनुसूचित जाति के लिए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे कार्यों से संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी एवं सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन बड़ी निष्ठा एवं ईमानदारी से कर रहे हैं जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा। इस अवसर पर मा. उपाध्यक्ष ने मुख्य विकास अधिकारी से कहा कि जिन विभागीय अधिकारियों द्वारा अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों में बेहतर ढंग से कार्य किया गया है ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार करते हुए आयोग को उपलब्ध कराने को कहा है ताकि आयोग की ओर से उन्हें बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए सम्मानित किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने उपाध्यक्ष का जनपद आगमन पर स्वागत करते हुए मा. उपाध्यक्ष को आश्वस्त किया है कि उनके द्वारा जो भी दिशा निर्देश दिए गए हैं एवं अनुसूचित जाति के लोगों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ उन्हें उपलब्ध कराने की दिशा में सभी विभागों द्वारा कार्य सुनिश्चित कराया जाएगा जिससे कि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. बी. के. शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आशीष रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी यशवंत सिंह चैधरी, अधिशासी अभियंता लोनिवि जे.एस. रावत, ऊखीमठ मनोज भट्ट, पीएमजीएसवाई कमल सिंह सजवाण, सिंचाई पीएस बिष्ट, जल संस्थान संजय सिंह, पेयजल निगम नवल कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चैधरी, जिला बचत अधिकारी सूरत लाल, जिला सेवायोजन अधिकारी कपिल पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास शैली प्रजापति जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

