HTML tutorial
HTML tutorial

अपर आयुक्त, गढ़वाल श्री हरक सिंह रावत ने प्रेमनगर- गडोली- खण्डाह मोटर मार्ग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया

अपर आयुक्त, गढ़वाल श्री हरक सिंह रावत ने प्रेमनगर- गडोली- खण्डाह मोटर मार्ग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया
Spread the love

पौड़ी।अपर आयुक्त, गढ़वाल मण्डल श्री हरक सिंह रावत ने आज प्रेमनगर-गडोली-खण्डाह मोटर मार्ग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई 04 किलोमीटर की सड़क एवं सड़क के दायरे में बनाई गई पुलिया-पुश्तों का निरीक्षण किया। उन्होंने गांववासियों की शिकायत पर अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जो भी निर्माण कार्य हुए हैं वे कब-कब हुए और कितनी धनराशि व्यय हुई, उसकी रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करें।
उन्होंने गांववासियों को मोटरमार्ग में जो भी कमियां हैं या जो काम पूरे नहीं हुए हैं, उन्हें दिखाने की बात कही। इस पर गांववासी हीरा लाल टम्टा का कहना था कि प्रेमनगर-गडोली-खण्डाह मोटर मार्ग पर जगह-जगह पुलिया बनाई गई थी, जिन्हें दैवीय आपदा की धनराशि से पुनः बनाया गया, जो कि सरकारी धनराशि का दुरूपयोग है। इस पर अधिशासी अभियन्ता लोनिवि ने बताया कि पहले जो पुलिया बनाई गई थी, वह कच्ची पुलिया थी, जो दैवीय आपदा के कारण बह गयी थी तथा जिन्हें दैवीय आपदा की धनराशि से पुनः बनाया गया, ताकि मोटर मार्ग पर भूस्खलन न हो सके।

उन्होंने बताया कि 04 किलोमीटर तक सड़क लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई और आगे 09 किलोमीटर सड़क पीएमजीएसवाई के तहत बनाई जा रही है।
गावंवासियों द्वारा मोटर मार्ग पर बस सेवा शुरू करने का भी अनुरोध किया गया, इस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि लोनिवि द्वारा बनाई गई 04 किलोमीटर की रोड़ के लिए बस सेवा शुरू करने की स्वीकृति मिल चुकी है, जल्द ही बस सेवा शुरू हो जायेगी। वहीं 04 किलोमीटर से आगे पीएमजीएसवाई के अन्तर्गत जो रोड़ बनाई जा रही है, उस पर बस सेवा शुरू करने से पहले आरटीओ द्वारा निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी है।

इस मौके पर अधिशासी अभियन्ता लोनिवि प्रान्तीय खण्ड अरूण कुमार पाण्डे, टीटीओ राजेन्द्र विराटीया, लोनिवि से सहायक अभियन्ता महिपाल सिंह नेगी, अपर सहायक अभियन्ता हरीश गैरोला, कैम्प सहायक अपर आयुक्त कार्यालय राजेश कुमार सहित दिनेश चन्द्र उनियाल एवं गांववासी आदि मौजूद थे।

देवभूमि खबर

Related articles