पाकिस्तान खुद के लिए अच्छा चाहता है तो उसे पीओके को भारत को सौंप दे:अठावले
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पीओके को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान खुद के लिए अच्छा चाहता है तो उसे पाकिस्तान ऑक्युपाइड कश्मीर को भारत को सौंप देना चाहिए। अठावले ने कहा कि अगर पाकिस्तान युद्ध नहीं चाहता है और इमरान खान पाकिस्तान का हित चाहते हैं तो उन्हें पाकिस्तान के हित में पीओके को भारत को सौंप देना चाहिए। अठावले का बयान ऐसे समय में आया है जब केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा था कि हमारा अगला एजेंडा पीओके हैं।। रामदास अठावले ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस तरह की खबरें आ रही हैं कि पीओके के लोग पाकिस्तान के साथ नहीं रहना चाहते हैं, ये लोग भारत में शामिल होना चाहते हैं। अठावले ने कहा कि 70 वर्षों से कश्मीर के एक तिहाई हिस्से पर पाकिस्तान ने कब्जा कर रखा है, यह एक गंभीर मामला है। गौर करने वाली बात है कि कश्मीर मुद्दे पर लगातार पाकिस्तान की ओर से भड़काउ भाषण दिए जा रहे हैं। यहां तक कि पाक की ओर से युद्ध की भी धमकी दी गई है।

