प्रशिक्षण में बताये गये दायित्वों के प्रति गंम्भीर रहकर कार्य करें ताकि निर्वाचन कार्य निर्बाध रूप से सम्पन्न हो सके:मयूर दीक्षित
उत्तरकाशी । विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जनपद में मतदान कार्मिकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत दूसरे दिवस बुधवार को पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण उत्तरकाशी स्थित कलक्ट्रेट आडोटोरियम एवं पीजी काॅलेज आडोटोरियम में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा की गयी। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी प्रथम को सैद्धान्तिक एंव व्यवहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनरों द्वारा पीठासीन अधिकारियों को मतदान दिवस से एक दिन पूर्व की एवं मतदान दिवस की तैयारियों एवं प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी प्रथम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण में बताये गये दायित्वों के प्रति गंम्भीर रहकर कार्य करें ताकि निर्वाचन कार्य निर्बाध रूप से सम्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के चलते इस बार के निर्वाचन में विगत निर्वाचन की तुलना में कुछ अलग गतिविधियां भी शामिल रहेंगी। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को ग्लब्स पहनाकर ही बूथ में प्रवेश करने दिया जायेगा साथ ही उनकी थर्मल स्केनिंग भी अनिवार्य रूप से की जायेगी। उन्होनें बताया कि जनपद के 50 प्रतिशत बूथों की वेबकास्टिंग भी होगी जिसका लाइव प्रसारण उच्च अधिकारियों व सुदूर क्षेत्र के लोगों द्वारा देखा जायेगा।
कार्मिक नोडल अधिकारी मदन मोहन डोभाल ने बताया कि बुधवार को 237 पीठासीन अधिकारियों एवं 113 मतदान अधिकारी प्रथम के लिए प्रशिक्षण नियत था जिसमें से क्रमशः 10 पीठासीन एवं 08 मतदान अधिकारी प्रथम अनुपस्थित रहें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह, उप जिला अधिकारी चतर सिंह चैहान व मीनाक्षी पटवाल सहित जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पीठासीन अधिकारी आदि उपस्थित थे।

