छठ महापर्व मिलन समारोह में सैकड़ों महिलाओं का सम्मान, पूजा सामग्री वितरित

अभिनव थापर बोले- छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक
देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के शास्त्री नगर, कांवली स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर की ओर से छठ महापर्व मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग कर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं को सम्मानित करने के साथ ही महिलाओं को छठ पूजा की सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम के संयोजक अभिनव थापर ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी भाईचारे, सद्भाव और मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है। उत्तराखण्ड की धरती पर विभिन्न प्रदेशों और संस्कृतियों के लोग आपसी प्रेम एवं सौहार्द के साथ रहते हैं। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक एकता को और मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है, जहां मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम होता है। छठ महापर्व पर पवित्र जल में स्नान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। छठ महापर्व के माध्यम से उत्तराखण्ड और बिहार के बीच आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध और प्रगाढ़ होते हैं। मां गंगा का पवित्र जल दोनों प्रदेशों की आस्था को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है।
समारोह में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं तथा छठी मैया से परिवार और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर वार्ड अध्यक्ष अनीता दास, विमलेश वर्मा, अवधेश कुमार, डॉ. दीपक बिष्ट, रूपम, मालती कुमारी, सर्वेश्वरी देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


