राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और सीएम त्रिवेंद्र रावत समेत कई वीआइपी ने डाले वोट

Spread the love

देहरादून।देवभूमि खबर। 17वीं लोकसभा के लिए उत्तराखंड में पहले चरण में गुरुवार को मतदान हुआ। सूबे की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पत्नी समेत अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार को सुबह आठ बजे गढ़ी कैंट स्थित शहीद मेख बहादुर गुरुंग कन्या इंटर कॉलेज में मताधिकार का प्रयोग किया। राज्यपाल ने सभी मतदाताओं, विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस महान उत्सव में भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान सबसे बड़ा दान है और सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक मतदाता का मत अमूल्य है। बिना किसी प्रलोभन में आए निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक ने सुबह करीब आठ बजे अपना वोट डाला। इस दौरान उनकी बेटी आरुषि उनके साथ पहुंची और उन्होंने भी अपना वोट डाला। वहीं, महापौर सुनील उनियाल गामा और विधायक गणेश जोशी ने भी सुबह ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान से पहले पूर्व सीएम व हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक ने पूजा अर्चना की। इसेक बाद वह केंद्रीय विद्यालय कैंट रोड हाथीबड़कला पहुंचे और अपना वोट डाला। इस दौरान रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि लोगों में खासा उत्साह है। इस बार 2014 से ज्यादा लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग सुबह छह बजे से ही मतदान केंद्र में लाइनों पर लग गए थे। यह इस बात का प्रमाण है कि लोग मन बनाकर आए हैं। अल्मोड़ा में भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा ने सुबह 7 बजे दुगालखोला पंचायत भवन पोलिंग बूथ पहुंच कर अपनी पत्नी सोनल टम्टा के साथ सबसे पहले मतदान किया।

देवभूमि खबर

Related articles