लटका आप-कांग्रेस का गठबंधन

Spread the love

नई दिल्ली।एजेंसी।आम आदमी पार्टी ने राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए शर्त रखते हुए कहा है कि पार्टी कांग्रेस के साथ तभी चुनावी गठबंधन करेगी जब हरियाणा और चंडीगढ़ में भी दोनों दल मिल कर चुनाव लड़ें। आप के साथ गठबंधन के फैसले पर कांग्रेस नेतृत्व द्वारा शनिवार को निर्णायक स्थिति में पहुंचने की सुगबुगाहट के साथ ही दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी ने यह शर्त रख दी है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि आप की तरफ से कांग्रेस नेतृत्व को दो शर्तें रखी गयी हैं। इसमें पहली शर्त यह है कि दिल्ली के साथ हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कांग्रेस गठबंधन करे और दूसरा, कांग्रेस को आप के दिल्ली को पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग का समर्थन करना चाहिये। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कांग्रेस खेमे में गठबंधन के मुद्दे पर पिछले दो दिनों से जारी हलचल के मद्देनजर आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय, सांसद संजय सिंह और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के साथ बैठक की।

पार्टी के एक नेता ने बताया, ‘‘कांग्रेस के साथ गठबंधन तभी संभव है जब हरियाणा की दस, दिल्ली की सात और चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर दोनों दल मिल कर चुनाव लड़ें। इसके अलावा कांग्रेस अगर आप के साथ गठबंधन करना चाहती है तो उसे दिल्ली की पूर्ण राज्य की मांग का भी समर्थन करना चाहिये।’’

देवभूमि खबर

Related articles