डीआईजी नीरू गर्ग ने रुद्रप्रयाग में पुलिसकार्मिकों का सम्मेलन कर दिए दिशा निर्देश, जनता के साथ किया संवाद
रुद्रप्रयाग।श्रीमती नीरु गर्ग डीआईजी गढ़वाल रेंज ने जनपद रूद्रप्रयाग के पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया व पुलिस लाइन रतूड़ा में जनपद रूद्रप्रयाग के पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद अधिकारियों को कहा कि किसी भी प्रकार से पुलिस कर्मियों के स्तर पर शिकायत का मौका नहीं मिलना चाहिए, अपना व्यवहार सौम्य रखने तथा पुलिस की छवि सही किये जाने हेतु कार्य करें। उन्होंने कहा की अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित किए जाएंगे तथा गलत कार्य करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा बल्कि उन्हें दंडित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक महोदय का ध्येय है कि पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग पर ध्यान दिया जाए इस अपेक्षा को सभी अधिकारियों को कायम रखना है।
डीआईजी नीरू गर्ग ने कहा कि पुलिस के पास आने वाले शिकायत कर्ता एवं फरियादियों की शिकायतों को तत्परता से सुना जाये।किसी भी प्रकार के कार्य एवं आचरण में शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्यवाही की जाये।नशे का कारोबार करने वालों का चिन्हीकरण करते हुए ऐसे लोगों के विरूद्व सख्त से सख्त कार्यवाही अमल में लायी जाये।
उन्होंने कहा कि पुलिस कार्मिकों के कल्याण के लिए हर सम्भव कार्य किये जा रहे हैं, पुलिस कर्मियों का भी दायित्व बनता है कि, दिये गये टास्क को पूर्ण मनोयोग से पूरा करें। उन्होंने सभी थानों पर महिलाओं हेतु अलग से शौचालय की व्यवस्था किए जाने हेतु निर्देशित किया ।
तत्पश्चात डीआईजी ने रुद्रप्रयाग के सम्मानित व्यक्तियों के साथ जन संवाद कर उपस्थित जनसमूह से उनकी समस्याओं एवं सुझाव ले कर उनका निराकरण करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री आयुष अग्रवाल, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री गणेश लाल कोहली, प्रतिसार निरीक्षक समरवीर सिंह रावत एवं समस्त थाना व चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

