सचिवालय में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली महिला गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून । सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 26.55 लाख रुपये की ठगी करने वाली महिला को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्ता ने पीड़ित युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था। वादी अमित कुमार निवासी ऋषिकेश ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि रविकांता शर्मा उर्फ रविकांता कोटियाल नाम की महिला ने सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 26 लाख 55 हजार रुपये ठग लिए और उसे फर्जी नियुक्ति पत्र दिया। मामले की जांच के दौरान नियुक्ति पत्र कूटरचित पाया गया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिला रविकांता शर्मा उर्फ रविकांता कोटियाल की उम्र 59 वर्ष है और वह नरेंद्र नगर आयुर्वेदिक विभाग में प्रधान सहायक के पद पर तैनात है। इसके खिलाफ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्ता के खिलाफ मुकदमा संख्या 107/23 धारा 420/467/468 आईपीसी, मुकदमा संख्या 13/25 धारा 420 आईपीसी और मुकदमा संख्या 463/23 धारा 420/467/468/471/120B आईपीसी थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून में दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक सुमेर सिंह और महिला कांस्टेबल प्रिया चौहान शामिल रहीं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles