टिहरी पुलिस की दोहरी कार्रवाई, अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

टिहरी । जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना घनसाली और कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में थाना घनसाली पुलिस ने 7 जुलाई 2026 को शाम के गश्त के दौरान पूरण सिंह (54 वर्ष), निवासी ग्राम कस्तल, थाना घनसाली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6 बोतल और 18 अद्धे ‘सोलमेट ब्लू व्हिस्की’ बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई में कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने डोबरा मार्ग से कांडीखाल जाने वाले रास्ते पर सिराई गांव मोड़ स्थित एक टिन के खोखे पर छापेमारी की। यहां से गंभीर सिंह राणा (54 वर्ष), निवासी सिराई को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 18 अद्धे ‘सोलमेट ब्लू’ और 24 पव्वे ‘इंपीरियल ब्लू’ अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
टिहरी पुलिस ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

