मेडिकल कॉलेजों में जल्द भरी जाएंगी 156 फैकल्टी पद, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश
देहरादून।उत्तराखंड के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसरों के रिक्त 156 पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाएगी, जिससे फैकल्टी की कमी से जूझ रहे कॉलेजों को राहत मिलेगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज बजट सत्र के बीच अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर रिक्त पदों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि मार्च 2024 में राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को 153 पदों का अधियाचन भेजा गया था, जिसकी चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मंत्री ने चयन बोर्ड के अध्यक्ष से वार्ता कर एक माह के भीतर चयन सूची जारी करने के निर्देश दिए।
चयन प्रक्रिया पूरी होते ही 53 प्रोफेसर और 103 एसोसिएट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी, जिनमें एनेस्थीसिया, एनाटॉमी, बायोकैमिस्ट्री, जनरल मेडिसिन, सर्जरी, पीडियाट्रिक्स, रेडियोडायग्नोसिस समेत कई विभाग शामिल हैं। इसके अलावा, हल्द्वानी, देहरादून और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में न्यूरो फिजिशियन और गैस्ट्रोलॉजिस्ट के नए पद सृजित किए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीट बढ़ाने और पैरामेडिकल, टेक्नीशियन एवं अन्य नॉन-मेडिकल पदों को जल्द भरने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर सचिव अनुराधा पाल, अपर सचिव वित्त अमिता जोशी, प्रो. आर.एस. बिष्ट, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य प्रो. गीता जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

