रायवाला क्षेत्र से 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, आरोपी जंगल में फरार
देहरादून(रायवाला )पंचायती चुनाव के मद्देनज़र शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायवाला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2025 की रात पुलिस चेकिंग के दौरान खांड गांव पुलिया से आगे मोतीचूर बैरियर के पास एक संदिग्ध सैंट्रो कार (यूए-07-एम-9061) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार चालक वाहन को रॉन्ग साइड से मोड़ते हुए भागने लगा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया, जिसके बाद आरोपी मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें 96 बोतल रॉयल जनरल प्रीमियम ब्लेंडेड व्हिस्की व 192 अध्धे इम्पीरियल ब्लू प्रीमियम ग्रेन व्हिस्की (कुल 16 पेटी) बरामद हुई।
कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से जांच में सामने आया कि वाहन फरमान पुत्र फुरकान निवासी रामपुर कलां, सहसपुर, देहरादून के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने वाहन व शराब सीज कर कोतवाली रायवाला में केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
