देहरादून कैंट में SIR से 51,200 मतदाता प्रभावित, आम आदमी पार्टी ने निष्पक्ष सत्यापन और मताधिकार सुरक्षा की उठाई मांग

देहरादून। आम आदमी पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून कैंट विधानसभा के नोडल ईआरओ (ERO) श्रीमती हेमलता गौर एवं श्री रमेश दत्त पाठक से मुलाकात कर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाताओं को लेकर चिंता व्यक्त की।
शरद जैन ने बताया कि प्री-SIR और 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर 21-देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में अब तक 51,200 मतदाता प्रभावित हुए हैं। इनमें 41,011 मतदाताओं को अनुपस्थित (Absent) अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित (Shifted Permanent) की श्रेणी में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं का प्रभावित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिहाज से गंभीर विषय है, जिसके लिए व्यापक और निष्पक्ष सत्यापन आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मांग की कि प्रभावित मतदाताओं का घर-घर जाकर सघन सत्यापन कराया जाए तथा पर्याप्त जांच के बिना किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाया जाए। साथ ही महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, नए मतदाताओं और अन्य कमजोर वर्गों के मताधिकार की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मांगे गए 11 पात्रता दस्तावेज सभी मतदाताओं के पास उपलब्ध नहीं हैं। पार्टी का कहना है कि अशिक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए इन दस्तावेजों की व्यवस्था करना कठिन है। इसके अलावा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम होने का प्रमाण जुटाने का दायित्व भी मतदाताओं पर डालना उचित नहीं है। पार्टी का तर्क है कि यदि कोई नागरिक वर्ष 2003 से 2022 तक लगातार मतदान करता रहा है, तो उसके पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि वर्तमान में निर्धारित 11 दस्तावेजों के अतिरिक्त पैन कार्ड, राशन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस को भी पहचान और निवास प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाए, ताकि वास्तविक मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने पार्टी की मांगों पर संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि प्रभावित श्रेणी के सभी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न रहे। अधिकारियों ने बताया कि 15 सितंबर 2026 तक सत्यापन प्रक्रिया काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी SIR प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखेगी और यदि किसी पात्र मतदाता के अधिकारों का हनन होता है तो उसके पक्ष में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक स्तर पर आवाज़ उठाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन, मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना तथा कैंट विधानसभा अध्यक्ष वीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
