पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा हत्याकांड में फरार घोषित आरोपी झरना मिस्त्री गिरफ्तार, सीबीआई ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम

नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021 के पश्चिम बंगाल चुनाव बाद हिंसा से जुड़े हत्या के मामले में फरार घोषित आरोपी झरना मिस्त्री को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को दक्षिण 24 परगना जिले के संतोषपुर स्थित घोषपाड़ा से झरना मिस्त्री को गिरफ्तार किया। आरोपी सह-आरोपी संजय मिस्त्री की पत्नी है और वर्ष 2021 में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार चल रही थी।
यह मामला पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा के दौरान शिकायतकर्ता की मां शोवा रानी मंडल की हत्या से संबंधित है। कलकत्ता उच्च न्यायालय के 19 अगस्त 2021 के आदेश के अनुपालन में सीबीआई ने 27 अगस्त 2021 को जगद्दल थाने की प्राथमिकी संख्या 345/2021, दिनांक 3 मई 2021 को अपने हाथ में लेकर मामले की जांच शुरू की थी।
जांच पूरी करने के बाद सीबीआई ने 29 दिसंबर 2021 को कुल 13 आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें झरना मिस्त्री भी शामिल थी। हालांकि, आरोपी जांच और सुनवाई की प्रक्रिया में शामिल नहीं हुई और लगातार फरार रही।
आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायिक प्रक्रिया से बचने के कारण बैरकपुर के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने 3 अक्टूबर 2023 को झरना मिस्त्री को फरार घोषित कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीबीआई ने 50 हजार रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया था।
सीबीआई की कार्रवाई के बाद गिरफ्तार झरना मिस्त्री को मंगलवार को बैरकपुर स्थित सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
