महिला नशा तस्कर समेत तीन गिरफ्तार, 10 लाख से अधिक की 34.75 ग्राम स्मैक बरामद

महिला नशा तस्कर समेत तीन गिरफ्तार, 10 लाख से अधिक की 34.75 ग्राम स्मैक बरामद
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से महिला नशा तस्कर समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 34.75 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त आरोपियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

थाना रायपुर पुलिस ने 29 सितंबर को गुरुद्वारा रोड रायपुर के पास चेकिंग के दौरान मंगलु पुत्र पप्पूनाथ, निवासी शांति विहार सपेरा बस्ती, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15.52 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है। आरोपी के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 401/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक हरिद्वार के एक स्थानीय नशेड़ी से सस्ते दामों में खरीदकर लाया था और देहरादून के स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।

वहीं, कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने 29 सितंबर को पटेलनगर क्षेत्र से शुभम चौहान उर्फ पिंकू पुत्र जोनेन्द्र सिंह, निवासी 222 अंबेडकर नगर, डीएल रोड, थाना डालनवाला, देहरादून, उम्र 34 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 9.43 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। उसके विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

इसी क्रम में कोतवाली डोईवाला पुलिस ने 28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर केशवपुरी बस्ती, डोईवाला के पास से किरन पत्नी मंगना, निवासी केशवपुरी बस्ती, कोतवाली डोईवाला, देहरादून, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार किया। महिला के कब्जे से 9.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। अभियुक्ता के विरुद्ध कोतवाली डोईवाला में मुकदमा अपराध संख्या 292/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

देवभूमि खबर

Related articles