किच्छा में निर्माणाधीन सैटेलाइट एम्स का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, जुलाई तक कार्य पूरा करने के निर्देश
किच्छा। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से बन रहे 280 बेड के सैटेलाइट एम्स का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए श्रमिकों और उपकरणों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सीपीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को निर्देशित किया कि चिकित्सालय भवन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि अगस्त माह से ओपीडी सेवाएं प्रारम्भ की जा सकें।
सीपीडब्ल्यूडी के अभियंता उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल का निर्माण कार्य 30 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। आवासीय भवनों का कार्य 85 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है, जिसे मई तक पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही सड़कों का निर्माण मई तक और प्लांटेशन का कार्य जून माह में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एम्स में 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर, 30 आईसीयू बेड सहित कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक, इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा सराय और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी निर्माण किया जा रहा है।
एम्स ऋषिकेश की निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि यदि निर्माण कार्य जुलाई में पूर्ण हो जाता है, तो अगस्त से ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव एवं मंडलायुक्त ने परिसर में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अधीक्षण अभियंता पी.के. दीक्षित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

