अवैध खनन पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान के बयान को गरिमा मेहरा दसौनी ने बताया खतरे की घंटी

अवैध खनन पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान के बयान को गरिमा मेहरा दसौनी ने बताया खतरे की घंटी
Spread the love

देहरादून। विकास नगर के भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान की अवैध खनन को लेकर एक अधिकारी से फोन पर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

दसौनी ने कहा कि उत्तराखंड एक सीमित संसाधनों वाला राज्य है, जिसका अस्तित्व जल, जंगल और जमीन पर टिका है। लेकिन अवैध खनन से इन प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जा रहा है। उन्होंने विधायक की बातचीत को उद्धृत करते हुए कहा कि स्वयं भाजपा विधायक स्वीकार कर रहे हैं कि “यह तो प्रशासन को खुली चुनौती है” और “नदियों में चारों तरफ चोरों का बोलबाला है”।

उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है जब सत्ता पक्ष के किसी नेता ने अवैध खनन की स्थिति को स्वीकार किया हो। इससे पहले, हरिद्वार से सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी संसद में राज्य में हो रहे अवैध खनन का मुद्दा उठा चुके हैं। दसौनी ने इसे राज्य के लिए “अलार्मिंग सिचुएशन” बताया और सरकार व प्रशासन पर आरोप लगाया कि वे या तो जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं या फिर अपने स्वार्थ के लिए धृतराष्ट्र बने हुए हैं।

दसौनी ने कहा कि एक ओर उत्तराखंड में बजट सत्र होने जा रहा है और 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन इन आयोजनों में भारी अव्यवस्थाएं उजागर हो रही हैं। वहीं, राज्य की कानून व्यवस्था दो बाहुबली नेताओं के टकराव के बीच कमजोर होती दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को राज्य की समस्याओं से ज्यादा अन्य राज्यों में पार्टी प्रचार में दिलचस्पी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तराखंड की जनता के पास अपनी बेबसी पर आंसू बहाने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है।

देवभूमि खबर

Related articles