देहरादून डकैती कांड: 9 आरोपी गिरफ्तार, 3 पुलिसकर्मी निलंबित, लूटी गई रकम और फर्जी डॉलर बरामद
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में हुई डकैती मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी और फर्जी डॉलर बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि यह वारदात सस्ते डॉलर देने के बहाने लूटपाट करने की सुनियोजित साजिश थी।
पुलिस ने पहले ही इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, और अब दो और अभियुक्तों को लूट की रकम एवं फर्जी डॉलर के साथ पकड़ा गया है। इस घटना में संलिप्त पाए गए तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, साथ ही विभागीय कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए हैं।
डीजीपी दीपम सेठ ने मामले में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह वर्दी में हो या आम नागरिक। उन्होंने थाना और सर्किल स्तर के अधिकारियों के शिथिल पर्यवेक्षण की भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा।

