देवभूमि को नशा मुक्त बनाने की मुहिम में ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की अहम पहल
हरिद्वार, 3 फरवरी 2025: हरिद्वार को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी की अध्यक्षता ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने की, जिसमें सिविल जज सिमरजीत कौर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर डॉ. मनु शिवपुरी, हरिद्वार कोतवाली से एसआई हाकम सिंह, ज्वालापुर कोतवाली से एसआई नितिन चौहान, कनखल थाना से एसआई विनय द्विवेदी, नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी, हरिद्वार केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी अमित गर्ग और अजय गर्ग सहित 50 से अधिक समाजसेवी, मीडिया कर्मी और जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।
ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन, पुलिस और समाज को मिलकर कठोर कदम उठाने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस, नारकोटिक्स विभाग, सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों के सहयोग से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और किसी भी कीमत पर हम उनके भविष्य को नशे के अंधकार में नहीं जाने देंगे।
सिविल जज सिमरजीत कौर ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नशा उन्मूलन की यह मुहिम सबसे पहले अपने घर से शुरू करनी होगी। जब हम स्वयं इस दिशा में सही कदम उठाएंगे, तभी समाज में परिवर्तन आएगा। यह केवल एक विचार नहीं, बल्कि इसे धरातल पर साकार करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कानून की शक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं योग गुरु मंजू बालियान, जो कि प्रजापति समाज की महिला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, श्री राम सेना की महिला प्रदेश अध्यक्ष और दधीचि देह दान संगठन से जुड़ी हुई हैं, ने इस अभियान में अपने पूर्ण समर्थन की घोषणा की। उन्होंने नेत्र, अंग और देह दान कर समाज सेवा में अपनी मिसाल पेश की है और कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए हमें खुद जागरूक होकर औरों को भी प्रेरित करना होगा।
हरिद्वार पुलिस, नारकोटिक्स विभाग और हरिद्वार केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी अमित गर्ग और अजय गर्ग ने संकल्प लिया कि वे इस अभियान में जनता का पूरा साथ देंगे। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि यदि किसी को भी नशे से संबंधित अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो वह बेझिझक पुलिस और नारकोटिक्स विभाग को सूचित करे। तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
गोष्ठी के दौरान विभिन्न समाजसेवियों, मीडिया कर्मियों और अन्य नागरिकों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसमें स्कूलों और कॉलेजों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने, गुप्त सूचना प्रणाली को मजबूत कर नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई करने, नशा करने वालों के पुनर्वास के लिए सरकारी और गैर-सरकारी प्रयास बढ़ाने और हरिद्वार को ‘नशा मुक्त हरिद्वार’ घोषित कर एक बड़े अभियान की शुरुआत करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल रहे।
ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की यह मुहिम सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुई थी, जिसे जनता का व्यापक समर्थन मिला। धीरे-धीरे यह एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को नशा मुक्त बनाने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। यह सिर्फ प्रशासन, पुलिस या नारकोटिक्स विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि हरिद्वार को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चला जाएगा। इस गोष्ठी से यह संदेश गया कि यदि समाज, पुलिस, नारकोटिक्स विभाग और केमिस्ट एसोसिएशन मिलकर कार्य करें, तो नशे को जड़ से खत्म किया जा सकता है।
हरिद्वार को नशा मुक्त बनाने की इस पहल में आप भी अपना योगदान दें। यदि आपको किसी भी प्रकार की अवैध नशे की गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। एकजुट होकर हम अपने शहर को नशे से बचा सकते हैं!

