STF का नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार, किच्छा से 25 लाख की अफीम के साथ दो गिरफ्तार
उधम सिंह नगर – उत्तराखंड STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स, कुमाऊं यूनिट, रुद्रपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद उधम सिंह नगर के किच्छा थाना क्षेत्र से दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2 किलो 513 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
उत्तराखंड को ड्रग्स-फ्री देवभूमि बनाने के अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर द्वारा प्रदेशभर में ड्रग्स तस्करों पर कड़ी नजर रखने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सीओ STF आर.बी. चमोला के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरूप के नेतृत्व में कल देर शाम उत्तराखंड STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने थाना किच्छा पुलिस के सहयोग से दरउ मार्ग पर यह संयुक्त कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान भानु प्रताप (निवासी ग्राम खानपुर, थाना भोजीपुरा, जिला बरेली) और हेमंत कुमार (निवासी ग्राम चक्दाहा, थाना शाही, जिला बरेली) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह अफीम मीरगंज से लाए थे और किच्छा, रुद्रपुर व बाजपुर क्षेत्र में बेचने जा रहे थे। उन्होंने खुलासा किया कि वे मीरगंज निवासी ननुआ नामक व्यक्ति से अफीम खरीदकर उत्तराखंड में बेचते थे, जिससे उन्हें भारी मुनाफा होता था। STF की पूछताछ में कई अन्य ड्रग्स तस्करों के नाम सामने आए हैं, जिन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार तस्करों के कब्जे से 2 किलो 513 ग्राम अफीम के साथ एक मोटरसाइकिल (UP AM 25 4056) बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ तत्काल पुलिस या STF से संपर्क करें। STF ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत अपनी कार्रवाई लगातार जारी रखेगी।
STF से संपर्क करें: 📞 0135-2656202, 9412029536

