दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई,साढ़े 3 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
देहरादून।ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025 के विजन को साकार करने की दिशा में दून पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना सहसपुर पुलिस ने 18 अप्रैल 2025 को एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर कसाई मोहल्ला, रामपुर के पास से की गई कार्रवाई में पुलिस ने महिला अभियुक्ता के कब्जे से 12.14 ग्राम अवैध स्मैक तथा स्मैक बेचकर कमाए गए 20,000 रुपए नकद बरामद किए। बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान तमन्ना पत्नी अलीम, निवासी घराट, जीवनगढ़, विकासनगर, देहरादून (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसने यह स्मैक एक स्थानीय ड्रग पैडलर से खरीदी थी, जिसे ऊंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस द्वारा उसे धर दबोचा गया। अभियुक्ता के विरुद्ध थाना सहसपुर में मु0अ0सं0 86/25 धारा 8/21/27 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में व0उ0नि0 विकास रावत, म0उ0नि0 मोनिका मनराल, का0 नरेश पंत, का0 राजवीर, म0का0 कांता, म0का0 बबली नेगी एवं का0 चालक मोहन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

