कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान देश की सेना और बेटियों का अपमान: आशा रावत
भाजपा नेता विजय शाह के बयान के विरोध में कांग्रेस ने किया पुतला दहन, माफी और निष्कासन की मांग
नई टिहरी ।महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आशा रावत के नेतृत्व में भाजपा नेता विजय शाह के विवादित बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने विजय शाह का पुतला दहन कर उनकी निंदा की और उन्हें भाजपा से निष्कासित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान आशा रावत ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताना न केवल एक बहादुर फौजी का अपमान है, बल्कि पूरे भारतीय सेना का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाज़ी से उनकी महिला विरोधी मानसिकता उजागर होती है। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री ममता उनियाल ने कहा कि यह बयान भारत की बेटियों के आत्मसम्मान पर सीधा हमला है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा और प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी ने अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारत का नेतृत्व कर देश का नाम रोशन किया है। भाजपा नेताओं के इस प्रकार के बयान उनकी संकीर्ण और महिला विरोधी सोच को दर्शाते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि इस बयान पर तुरंत सार्वजनिक माफी मांगी जाए, जिम्मेदार प्रवक्ताओं को पार्टी से निकाला जाए और प्रधानमंत्री स्वयं इस मामले पर स्पष्ट बयान दें। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल कर्नल सोफिया के लिए नहीं, बल्कि देश की हर बेटी के सम्मान की लड़ाई है।
इस मौके पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, ममता उनियाल, अनिता रावत, मुन्नी बिष्ट, शगुफ्ता प्रवीन, गंगा देवी, अनिता शाह, राकेश राणा, विजय गुनसोला, मुशर्रफ अली, कुलदीप पंवार, गब्बर रावत, मनीष पंत सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

