हरिद्वार पुलिस का सैनिक सम्मेलन: 29 जवान “मैन ऑफ द मंथ” व 4 महिला आरक्षी “वूमेन ऑफ द मंथ” से सम्मानित, जलवीर मोनू को भी मिला विशेष पुरस्कार

हरिद्वार पुलिस का सैनिक सम्मेलन: 29 जवान “मैन ऑफ द मंथ” व 4 महिला आरक्षी “वूमेन ऑफ द मंथ” से सम्मानित, जलवीर मोनू को भी मिला विशेष पुरस्कार
Spread the love

हरिद्वार। पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का उद्देश्य जवानों की समस्याओं का समाधान करना और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाना रहा।

सम्मेलन की शुरुआत जवानों की समस्याओं के समाधान के साथ हुई, जिसके पश्चात एसएसपी डोबाल ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जनपद भर से चयनित 29 जवानों को “मैन ऑफ द मंथ” और 4 महिला आरक्षियों को “वूमेन ऑफ द मंथ” के तमगे से नवाजा। सम्मान पाने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए और उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस तथा मानवीय व्यवहार की सराहना की गई।

एसएसपी डोबाल ने अपने संबोधन में कहा कि हरिद्वार पुलिस की हर सफलता में जवानों का बड़ा योगदान है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सौम्य व विनम्र व्यवहार करें, क्योंकि उत्तराखण्ड पुलिस की पहचान ही उसका अनुशासन, संयम और मृदु भाषा है।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डोबाल ने 13 मई को रुड़की के सोलानी पार्क क्षेत्र में नहर में डूब रही एक किशोरी की जान बचाने वाले जलवीर मोनू को भी विशेष रूप से सम्मानित किया। मोनू को उनकी वीरता के लिए ₹2100 का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

सम्मेलन में मीडिया सेल, कोतवाली नगर, श्यामपुर, कनखल, बहादराबाद, रानीपुर, सिडकुल, रुड़की, कलियर, गंगनहर, मंगलौर, भगवानपुर, झबरेड़ा, लक्सर, पथरी, खानपुर, बुग्गावाला, एएनटीएफ, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, यातायात, फायर स्टेशन, दूरसंचार, पीएसी और पुलिस कार्यालय आदि विभिन्न इकाइयों के चयनित कर्मियों को उनके योगदान के आधार पर सम्मानित किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles