गर्मी में पैकेज्ड पानी और ठंडे पेय की गुणवत्ता पर FDA सख्त, उत्तराखंड में कड़ी निगरानी के आदेश
देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते तापमान और पर्यटन सीज़न की शुरुआत को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने राज्यभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और शीतल पेयों की गुणवत्ता तथा उनके सुरक्षित भंडारण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि गर्मियों के इस संवेदनशील मौसम में खाद्य और पेय पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बाजार में बिकने वाले पेय पदार्थों की नियमित रूप से जांच करें और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करें।
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि कई स्थानों से ऐसी शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि खुले में और बिना मान्यता के ठंडा पानी बेचा जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषी विक्रेताओं व आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
डॉ. राजेश कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित और लाइसेंसी उत्पादों का ही उपयोग करें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत विभाग को दें। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि हर नागरिक को शुद्ध और सुरक्षित पेय पदार्थ उपलब्ध हों और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

