चलती बस में लगी आग, पुलिस जवानों ने दिखाया साहस, बच्चों समेत सभी यात्रियों को बचाया
टिहरी। आज लगभग शाम 8:05 बजे एक बड़ा हादसा टल गया जब भद्रकाली चौकी से ऋषिकेश की ओर जा रही एक बस (UK07PA7650) में हर्बल गार्डन के पास अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। घटना के समय बस में कई यात्री और बच्चे सवार थे।
गंभीर स्थिति के बावजूद बस चालक को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसी समय यातायात ड्यूटी से लौट रहे कॉन्स्टेबल 102 टीपी मोहम्मद अनीश और कॉन्स्टेबल 214 सीपी मेहताब ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए साहसिक कदम उठाया। दोनों पुलिसकर्मियों ने तुरंत बस चालक को आगाह किया और चलती बस को रुकवाया। तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस कर्मियों ने कंट्रोल रूम को भी तत्काल सूचना दी और मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया। बस सवार यात्रियों और चालक ने उत्तराखंड पुलिस की इस साहसी और समय रहते की गई कार्रवाई के लिए आभार जताया। वहीं, मौके पर उपस्थित आम नागरिकों ने भी पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना की।

