डबल इंजन सरकार के विकास कार्य ऐतिहासिक: सौरभ बहुगुणा

डबल इंजन सरकार के विकास कार्य ऐतिहासिक: सौरभ बहुगुणा
Spread the love

रुद्रप्रयाग। केंद्र सरकार के सफल 11 वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए रुद्रप्रयाग जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकसित भारत” के अमृतकाल की ओर बढ़ रहा है, जहां सेवा, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रभारी मंत्री बहुगुणा ने रुद्रप्रयाग में भाजपा कार्यालय में आयोजित जनपद स्तरीय संवाद कार्यक्रम में भाग लिया, जहां उन्होंने पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रियता से कार्य कर रही है।

उन्होंने भगवान केदारनाथ धाम में जारी पुनर्निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिसके चलते इस बार एक माह में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।

बहुगुणा ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार में भारत को भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टिकरण के लिए जाना जाता था, जबकि आज भारत विकास, नवाचार और तकनीकी प्रगति की मिसाल बन चुका है। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों को ट्रांसफर हो रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।

उन्होंने रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों पर बात करते हुए कहा कि भारत अब “मेड इन इंडिया” के तहत ब्रह्मोस, अग्नि, निर्भय मिसाइलों का निर्माण कर रहा है और अब देश “पाकिस्तान में टेस्टेड और दुनिया में ट्रस्टेड” बन चुका है।

रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनपद में विकास की रफ्तार तेज की है और युवाओं व महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।

राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल ने कहा कि भारत अब राफेल और S-400 मिसाइल प्रणाली से सुसज्जित है और जल्द ही 5वीं पीढ़ी के युद्धक विमानों का निर्माण करेगा।

देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की विकास दर 6.8 प्रतिशत, 1 ट्रिलियन डॉलर एफडीआई और 825 अरब डॉलर का ऐतिहासिक निर्यात यह साबित करता है कि भारत एक वैश्विक आर्थिक शक्ति बन चुका है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, मीडिया प्रभारी सतेंद्र बत्र्वाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles