अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर भराड़ीसैंण में समीक्षा बैठक, 10 देशों के राजदूत होंगे शामिल
चमोली।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर भराड़ीसैंण में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे ने की। आयोजन स्थल पर चमोली जनपद के सभी अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक में 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर सचिव ने बताया कि इस अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें 10 देशों के राजदूत भाग लेंगे। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और प्रचार-प्रसार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम भराड़ीसैंण में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विदेशी अतिथियों के साथ आमजन भी भाग लेंगे।
बैठक में यह तय किया गया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं 19 जून तक पूर्ण कर ली जाएं। बरसात के मौसम को देखते हुए जर्मन हेंगर की व्यवस्था, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की समुचित तैयारी करने के भी निर्देश दिए गए।
अपर सचिव ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यक्रम समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न हों ताकि योग दिवस का आयोजन सफल और प्रभावशाली रहे। उन्होंने यह भी कहा कि योग दिवस के आयोजन से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होगा, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में जिलाधिकारी संदीप तिवारी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगण, पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

