मुख्य सचिव ने प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा बैठक ली, बॉटल नेक दूर करने व कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा बैठक ली, बॉटल नेक दूर करने व कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय स्थित सभागार में प्रदेश के भीतर सभी राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने एनएच पीडब्ल्यूडी व एनएचएआई की सड़कों की स्थिति और प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने एनएच पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर मौजूद बॉटल नेक (अवरोधों) को जल्द दूर करने के लिए शीघ्र योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन एवं वन्यजीव स्वीकृतियों को लेकर केंद्र और राज्य के संबंधित विभागों से लगातार समन्वय बनाकर कार्यवाही करने को कहा। साथ ही एनएच पीडब्ल्यूडी से लम्बित मामलों का निस्तारण जिलाधिकारियों और वन विभाग के साथ बैठक कर शीघ्र करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने ऋषिकेश बायपास को शिवपुरी तक बढ़ाने के लिए कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, कलियासौड़ रिअलाइनमेंट व जोशीमठ बायपास रिअलाइनमेंट कार्यों की समयसीमा तय कर कार्यों को तेज करने को कहा। उन्होंने सभी कार्यों की उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग कर तय समय में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य समानांतर शुरू हो सकते हैं, उन्हें तत्काल शुरू किया जाए।

मुख्य सचिव ने एनएचएआई के अन्तर्गत बन रही सड़कों की प्रगति की भी समीक्षा की। इसमें बल्लूपुर-पोंटा साहिब पैकेज 1 व 2, झाझरा-आशारोड़ी फोर लेन, हरिद्वार बायपास समेत विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और इन्हें भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश में कुल 3589.99 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग हैं, जिनमें 2028.19 किमी एनएच पीडब्ल्यूडी के पास, 986.8 किमी बीआरओ के पास, 130 किमी एनएचआईडीसीएल के पास और 445 किमी एनएचएआई के पास हैं।

चारधाम यात्रा मार्ग पर कुल 53 कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें से 47 को स्वीकृति मिल चुकी है। 42 कार्य अवार्ड हो चुके हैं, इनमें से 30 कार्य पूरे हो चुके हैं और 12 कार्य प्रगति पर हैं। 5 कार्यों का अवार्ड और 6 कार्यों की स्वीकृति बाकी है।

इस अवसर पर अपर सचिव श्री विनीत कुमार, रीजनल ऑफिसर एनएचएआई श्री विशाल गुप्ता और पीडी एनएचएआई श्री पंकज भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles