पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में, नकल रोकने को व्यापक इंतजाम

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में, नकल रोकने को व्यापक इंतजाम
Spread the love

रिपोर्ट:ललित जोशी

नैनीताल।उत्तराखण्ड पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के दिशा-निर्देशन में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।

हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने स्वयं जिम्मेदारी संभाली। परीक्षा केंद्रों के बाहर और भीतर व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

नैनीताल जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों—जैसे कि नैनी वैली सीनियर सेकेंड्री स्कूल, सेंट पॉल स्कूल, सेंट थेरेसा स्कूल, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, हिमालय विद्या मंदिर, टैगोर पब्लिक स्कूल और परसिस्टेंट स्टूडेंट नेस्ट स्कूल—पर पुलिस द्वारा पहले से सुरक्षा का निरीक्षण किया गया। सभी केंद्र सुरक्षा घेरे में लिए गए।

सुरक्षा के लिए उठाए गए अहम कदम:

  • हर परीक्षार्थी की पहचान आधार कार्ड या मान्य आईडी कार्ड से सत्यापित की गई।
  • अभ्यर्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की गई।
  • मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट घड़ियां, कैमरा, पेन ड्राइव या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र में लाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया।
  • सीसीटीवी कैमरों और वीडियो ग्राफी से पूरे परीक्षा समय के दौरान निगरानी की गई।
  • परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर विशेष नजर रखी जा रही है। नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया पर भी विशेष सतर्कता बरत रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह, गुमराह करने वाली जानकारी या अनुचित प्रलोभन से जुड़ी सामग्री को फैलने से रोका जा सके।

पुलिस ने अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति परीक्षा से संबंधित धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा या लालच देता है तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर दें।

नैनीताल पुलिस ने समस्त अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

देवभूमि खबर

Related articles