सीएम धामी की उच्च स्तरीय बैठक: कानून-व्यवस्था, सड़कों और सेवा पखवाड़े पर कड़े निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर राज्य की कानून-व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, सेवा पखवाड़ा एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित हो, राज्य की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और पुलिस की रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
सड़क व्यवस्था को लेकर सीएम धामी ने कहा कि मानसून के बाद गड्ढा मुक्त सड़क अभियान चलाया जाए। बरसात के बाद सड़कों के सुधारीकरण हेतु निविदा प्रक्रिया अभी से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) तक प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी जनपदों में सेवा, जनजागरूकता एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक जिले के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री स्वयं सड़क मार्ग से जिलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेंगे।
बैठक में उन्होंने रेत मिश्रित नमक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए और कहा कि दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी।
बैठक में मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव, सचिव शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ, एडीजी ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते एवं अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।
