वृद्ध महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर रेखा आर्या हुईं सक्रिय ,एक रुपये सेस की राशि से बनेगी नई योजना

वृद्ध महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर रेखा आर्या हुईं सक्रिय ,एक रुपये सेस की राशि से बनेगी नई योजना
Spread the love

देहरादून। प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली।

मंत्री ने कहा कि एक रुपये सेस के माध्यम से एकत्रित धनराशि को वृद्ध महिलाओं की मौलिक आवश्यकताओं की पूर्ति और उनके सशक्तिकरण के लिए उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी वृद्ध महिलाओं के साथ काम कर रहे गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर एक ठोस कार्ययोजना तैयार करें।

रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश की वृद्ध और असहाय महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और भावनात्मक संबल देने के उद्देश्य से यह योजना प्रस्तावित की जा रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे प्रदेश में जनपदवार छोटे-छोटे महिला सम्मेलन आयोजित कर वृद्ध महिलाओं से सीधे संवाद किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं को समझा जा सके और सरकार उन पर ठोस कदम उठा सके।

मंत्री ने कहा कि सरकार का यह एक अभिनव प्रयास है जिसके तहत असहाय वृद्ध महिलाओं के जीवन में सरकार पारिवारिक सदस्य की तरह सहारा बनेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का स्वरूप जल्द ही अंतिम रूप में सामने आएगा और अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, विक्रम सिंह, मोहित चौधरी, नीतू फुलेरा सहित अन्य अधिकारी और एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles