छोटे ठेकेदारों के हितों पर हमला ,बड़ी निविदाओं के खिलाफ ठेकेदार संगठन और कांग्रेस ने उठाई आवाज
नई टिहरी। अपने चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के आरोपों के बीच, लोक निर्माण विभाग में जारी बड़ी निविदाओं का विरोध तेज हो गया है। ठेकेदार संगठन नई टिहरी के अध्यक्ष किशोर सिंह मंदरवाल और जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता, आठवां वृत्त, लोक निर्माण विभाग नई टिहरी से मुलाकात की।
ठेकेदार संगठन ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग बुराड़ी द्वारा जानबूझकर ऐसी बड़ी निविदाएं जारी की जा रही हैं जिनसे छोटे ठेकेदारों को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह कदम केवल बड़े और प्रभावशाली ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश राणा और ठेकेदार संगठन के अध्यक्ष किशोर सिंह मंदरवाल ने कहा कि “सरकार की शह पर विभागीय अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं। 25 लाख तक के कार्यों में भी जेसीबी, पोकलेन, डंपर और 20 लेबर की अनिवार्यता जैसी शर्तें रखी जा रही हैं, जो छोटे ठेकेदारों के लिए असंभव हैं। यह पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है।”
प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में स्थानीय विधायक श्री विक्रम सिंह नेगी से भी दूरभाष पर वार्ता की और मामले के समाधान की मांग रखी। साथ ही, खंबाखल-सिलोडा, चाका-सिलोडा, सदरगांव-रेका, रेका-दुनियाली, ओनालगांव-राजकीय इंटर कॉलेज तोली सेन, मुखेम मोटर मार्ग सहित लंबित स्वीकृत मार्गों पर शीघ्र कार्यवाही की मांग की गई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि बड़ी निविदाओं को तत्काल निरस्त कर छोटी निविदाएं जारी नहीं की गईं, तो ठेकेदार संघ बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। इस स्थिति की पूर्ण जिम्मेदारी प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग बुराड़ी और जिला प्रशासन की होगी।
बैठक में ठेकेदार संगठन के अध्यक्ष किशोर सिंह मंदरवाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश राणा, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री गोविंद सिंह रावत, मुरलीधर सेमवाल, बलवीर सिंह असवाल, नत्थी सिंह राणा, कृष्ण सिंह कैंतूरा, जयपाल सिंह नेगी, जुगल किशोर और संदीप चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

