पारिवारिक विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट : ललित जोशी
नैनीताल/हल्द्वानी।सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 65 किलोमीटर दूर हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा इलाके में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छोटे भाई की लंबी बीमारी और आर्थिक तंगी से तनाव में आए बड़े भाई ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना 3 फरवरी की रात करीब 11 बजे की है। आरोपी संदीप जायसवाल अपने परिजनों के घर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर छोटे भाई सोनू जायसवाल से विवाद हो गया। बहस के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में लौटे से वार कर दिया। जब परिजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी धमकाया गया।
गंभीर रूप से घायल सोनू जायसवाल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
वादी अंकित जायसवाल की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपी के पास से अवैध असलहा बरामद होने के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर आरोपी संदीप जायसवाल पुत्र स्वर्गीय लल्लन प्रसाद, निवासी राम मंदिर बगीचा, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा था और छोटे भाई की बीमारी के इलाज में हो रही आर्थिक परेशानी के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव और शराब के प्रभाव में उसने गुस्से में आकर मारपीट की, जिससे भाई की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
घटना के खुलासे और अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता शामिल रहे। उनके साथ कोतवाली हल्द्वानी से वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, मेडिकल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र राणा तथा हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह भी टीम का हिस्सा रहे। इसके अतिरिक्त कोतवाली हल्द्वानी से कांस्टेबल मौ. अजहर एवं कांस्टेबल जगदीश भण्डारी भी कार्रवाई में मौजूद रहे, जिनकी सक्रिय भूमिका से मात्र चार घंटे के भीतर अभियुक्त को हिरासत में लेकर मामले का सफल अनावरण किया गया।

