“राष्ट्र सर्वोपरि का संकल्प लेकर आगे बढ़ें युवा” – कोर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल का आह्वान
हरिद्वार।उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने आज कोर विश्वविद्यालय, रुड़की के दूसरे दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग कर मेधावी विद्यार्थियों को डिग्री एवं मेडल प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दीक्षांत केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मबोध से राष्ट्रबोध की ओर बढ़ने की जागरूक यात्रा का प्रारंभ है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से रोजगार खोजने के बजाय रोजगार सृजक बनने और स्टार्टअप व नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत के बाद विद्यार्थियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। आज से वे केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र के निर्माता हैं। “राष्ट्र सर्वोपरि” के मंत्र को जीवन का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत का मार्ग सरकारी योजनाओं से अधिक जागरूक, प्रतिबद्ध और नवाचारी युवाओं से प्रशस्त होगा। उन्होंने युवाओं से अपने कर्म, चरित्र और संकल्प से भारत का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान युग तकनीक और नवाचार का युग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को परंपरा और आधुनिकता के समन्वय के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने भारतीय सभ्यता, वेद-पुराणों और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ चरित्र निर्माण भी उतना ही आवश्यक है।
समारोह में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शोध, नवाचार, उद्योगों के साथ एमओयू और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के प्रयासों की प्रशंसा की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीक्षांत समारोह में सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वाधिक 9.9 सीजीपीए प्राप्त करने पर बी.कॉम ऑनर्स (2022-25) की छात्रा सुश्री आयुषी पंवार को प्रदान की गई। डिप्लोमा इन सिविल इंजीनियरिंग (2023-25) में 9.16 सीजीपीए प्राप्त करने पर सुश्री डोना चौहान तथा एमसीए (2023-25) में 9.5 सीजीपीए हासिल करने पर श्री हनी चौधरी को भी यह सम्मान दिया गया।
जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तुलसी का पौधा भेंटकर राज्यपाल का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार डॉ. अजय शर्मा ने की।
इस अवसर पर ग्लोबल टेलीकॉम एंड एजुकेशन एसोसिएशन के चेयरमैन प्रो. एन. के. गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट जे.सी. जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर. चौहान, एसएसपी देहात शेखर सुयाल, उप जिलाधिकारी हरिद्वार जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. श्रीयांस जैन, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. चिन्नेयान रामासुब्रमण्यम, फैकल्टी मेंबर्स एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे

