ऑपरेशन स्माइल: नैनीताल पुलिस ने रामपुर से लापता युवक को सकुशल बरामद किया

Spread the love

नैनीताल। उत्तराखंड पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन स्माइल” के तहत नैनीताल पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लापता युवक को उत्तर प्रदेश के रामपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया, जिससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, 20 मार्च 2026 को थाना मुखानी क्षेत्र के हिम्मतपुर (भगत कॉलोनी) निवासी 21 वर्षीय पंकज पंत घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार (नोडल अधिकारी, ऑपरेशन स्माइल) के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

लगातार प्रयासों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने युवक को रामपुर (उत्तर प्रदेश) से बरामद कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन स्माइल” अभियान (01 जनवरी 2026 से 18 अप्रैल 2026) के अंतर्गत अब तक कुल 32 गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद किया जा चुका है, जिनमें 01 बालक, 04 बालिकाएं, 09 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं।

अभियान में अपर उप निरीक्षक आनंद बल्लभ जोशी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल लक्ष्मी वर्मा, दीपा सामंत, कांस्टेबल अतीक अहमद और दिगंबर सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles