दून में आधुनिक ऑटोमेटेड पार्किंग का शुभारंभ, जाम से राहत की दिशा में बड़ा कदम
देहरादून। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल को आगे बढ़ाते हुए परेड ग्राउंड में निर्मित आधुनिक ऑटोमेटेड पार्किंग का लोकार्पण कर इसे जनमानस को समर्पित किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा 111 वाहनों की क्षमता वाली इस पार्किंग सुविधा का उद्घाटन किया गया, जो लगभग ₹472.23 लाख की लागत से निर्मित है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और नागरिकों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह परियोजना विकसित की गई है। योजना के तहत देहरादून में चरणबद्ध तरीके से तीन प्रमुख स्थानों—परेड ग्राउंड (111 वाहन क्षमता), तिब्बती मार्केट (132 वाहन क्षमता) और कोरोनेशन (18 वाहन क्षमता)—पर ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधाएं स्थापित की गई हैं।
पार्किंग व्यवस्था को नागरिकों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए “फ्री सखी कैब सेवा” भी शुरू की गई है। इस सेवा के अंतर्गत ईवी वाहनों (टाटा पंच) के माध्यम से पार्किंग स्थल से शहर के व्यस्त क्षेत्रों तक निःशुल्क आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके साथ ही, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही ईवी मिनी बस शटल सेवा शुरू करने की योजना है, जिससे पार्किंग स्थलों से प्रमुख गंतव्यों तक आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल शहर को जाम से राहत दिलाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

