ऋषिकेश में जुआ पार्टी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 गिरफ्तार; होटल सील, चौकी स्टाफ निलंबित
देहरादून/ऋषिकेश।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में चल रही अवैध जुआ पार्टी पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, कैसिनो क्वाइन, ताश की गड्डियां और शराब बरामद की।
पुलिस के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में गठित टीम ने होटल नवरंग में दबिश दी। मौके पर 40 व्यक्ति जुआ खेलते पाए गए, जिन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3356 कैसिनो क्वाइन (टिक्की), 26 ताश की गड्डियां, 1,37,600 रुपये नकद तथा विभिन्न ब्रांड की 9 शराब की बोतलें बरामद कीं। सभी अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 एवं आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान होटल नवरंग को सील कर दिया गया है। घटना के बाद से होटल संचालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी देहरादून ने सख्त कदम उठाते हुए आईडीपीएल चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

