अंकिता भंडारी मामले पर पीएम की चुप्पी पर कांग्रेस का हमला, अभिनव थापर ने उठाए सवाल

अंकिता भंडारी मामले पर पीएम की चुप्पी पर कांग्रेस का हमला, अभिनव थापर ने उठाए सवाल
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में महिला आरक्षण पर विस्तार से बात की, लेकिन उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और कथित वीआईपी को सजा दिलाने जैसे गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह मौन साधे रखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के माता-पिता द्वारा हाईकोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग को लेकर दी गई शिकायत को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नजरअंदाज कर दिया, जबकि अन्य मामलों में सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच की घोषणा की। इससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले में अब तक सीबीआई जांच के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (TOR) को सार्वजनिक नहीं किया गया है और कथित वीआईपी आज भी भाजपा में अहम पदों पर बने हुए हैं। उन्होंने इसे सच्चाई छिपाने का प्रयास बताते हुए उत्तराखंड की अस्मिता से जुड़े इस संवेदनशील विषय की अनदेखी बताया।

अंत में अभिनव थापर ने कहा कि प्रधानमंत्री देहरादून आकर “मन की बात” कहकर चले गए, लेकिन प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी के मामले पर एक शब्द भी नहीं बोले। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इस मुद्दे को भूलेगी नहीं और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

देवभूमि खबर

Related articles