आईजी लॉ एंड ऑर्डर सुनील कुमार मीणा ने किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर दिए अहम निर्देश
ऋषिकेश।चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (लॉ एंड ऑर्डर) श्री सुनील कुमार मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के साथ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रा से संबंधित प्रमुख व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों, पंजीकरण केंद्रों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।
बद्रीनाथ रूट पर निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए।
मुनि की रेती क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने तैनात पुलिस कर्मियों को यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार रखने, उच्च मानकों के अनुरूप ड्यूटी निभाने तथा आपदा प्रबंधन के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय स्थापित करने और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आईजी ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था और प्रतिष्ठा से जुड़ी है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव प्रदान करें।

